मुजफ्फरनगर के पुरकाजी में नगर पंचायत चेयरमैन जहीर फारूकी ने आज बिजली घर के पास स्थित राजकीय इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। कॉलेज में नगर पंचायत की ओर से करीब 50 अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनका उद्देश्य स्कूल परिसर में अनुशासन बढ़ाना और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है। निरीक्षण के दौरान चेयरमैन जहीर फारूकी सीधे प्रधानाध्यापक प्रीति चौधरी के कार्यालय पहुंचे, जहां बने कंट्रोल रूम में सभी कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कैमरे लगाने वाले टीम सदस्य को निर्देश दिए कि मैन गेट और साइकिल स्टैंड पर भी अतिरिक्त कैमरे लगाए जाएं, ताकि स्कूल के प्रवेश और आवागमन क्षेत्रों की निगरानी और प्रभावी बनाई जा सके।नगर पंचायत पुरकाजी द्वारा कॉलेज के सभी कक्षाओं में आगे और पीछे दो–दो कैमरे लगाए गए हैं। इसके साथ ही लाइब्रेरी, गैलरी, बड़ा हॉल और स्कूल परिसर के अन्य महत्वपूर्ण स्थान भी कैमरों की कवरेज में शामिल किए गए हैं। प्रिंसिपल ऑफिस में बनाए गए कंट्रोल रूम से सभी कैमरों की निगरानी की जाएगी, जिससे स्कूल में अनुशासन और सुरक्षा दोनों को नया बल मिलेगा। चेयरमैन जहीर फारूकी का कहना है कि अब तक राजकीय इंटर कॉलेज पुरकाजी में बोर्ड परीक्षा का सेंटर नहीं बन पाता था, क्योंकि पात्रता सूची में शामिल होने के लिए आधुनिक सुरक्षा मानकों का होना अनिवार्य है। इन कैमरों की स्थापना से अब कॉलेज बोर्ड परीक्षाओं के लिए योग्य हो जाएगा।उन्होंने यह भी बताया कि यह कॉलेज नगर पंचायत क्षेत्र की सीमा से बाहर आता है, लेकिन छात्र–छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए नगर पंचायत द्वारा इस महत्वपूर्ण कार्य को पूरा कराया गया है। इसे जनहित और शिक्षाहित दोनों में एक सराहनीय कदम बताया जा रहा है। चेयरमैन ने विश्वास जताया कि कैमरों की स्थापित व्यवस्था के बाद बहुत जल्द राजकीय इंटर कॉलेज पुरकाजी को बोर्ड परीक्षा केंद्र के रूप में स्वीकृति मिल जाएगी।निरीक्षण के दौरान निखिल गोयल, वंश अग्रवाल, आलम मेंबर सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे। इस पहल से स्थानीय लोगों में खुशी है, क्योंकि आधुनिक तकनीक की मदद से विद्यालय का माहौल अनुशासित और सुरक्षित बनेगा, जो छात्रों की शिक्षा और भविष्य के लिए अत्यंत लाभदायक सिद्ध होगा।















