मुजफ्फरनगर शहर के प्रमुख स्थल शिवचौक पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में भव्य जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन डॉ राजीव कुमार के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम में “योग संगम“, “योग बंधन“, “योग पार्क“, “योग समावेश“, “योग प्रभाव“, “योग कनेक्ट“, “हरित योग“, “योग अनप्लग्ड“, “योग महाकुंभ” और “संयोग” जैसे 10 अनोखे सिग्नेचर इवेंट्स को शामिल किया गया, जिनका उद्देश्य योग को जन–जन तक पहुँचाना और जीवनशैली में सम्मिलित करना रहा।इस अवसर पर आयुष विभाग की ओर से पूनम वर्मा ने उपस्थित लोगों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की महत्ता, इतिहास तथा इस वर्ष के विशेष आयोजनों के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इसके साथ ही योगाचार्य सुरेन्द्र मान ने सभी को योगाभ्यास करवाया, जिसमें योग के विभिन्न आसनों और उनके लाभों को अनुभव कराया गया। कार्यक्रम में आए प्रतिभागियों को योग के व्यावहारिक पहलुओं के साथ–साथ मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य में इसके सकारात्मक प्रभाव के बारे में भी बताया गया।कार्यक्रम में डॉ राजीव कुमार ने विशेष रूप से “अष्टांग योग” और वर्ष 2025 के 10 विशिष्ट सिग्नेचर इवेंट्स पर प्रकाश डालते हुए योग के व्यापक स्वरूप को समझाया। उन्होंने बताया कि यह केवल शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक समग्र पद्धति है, जिसमें संयम, ध्यान, आत्म–अनुशासन और संतुलित सोच को प्राथमिकता दी जाती है।यह आयोजन आयुष विभाग मुजफ्फरनगर, इंडियन योग एसोसिएशन उत्तर प्रदेश स्टेट चैप्टर कमेटी, आईएनओ और एनआईएएच के संयुक्त प्रयासों से संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंत में इंडियन योग एसोसिएशन के जिला समन्वयक प्रवेंद्र दहिया ने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।इस जनजागरूकता कार्यक्रम ने योग के प्रति आमजन में जागरूकता को नया आयाम दिया और यह संदेश दिया कि योग केवल एक दिवस का उत्सव नहीं, बल्कि सतत अभ्यास का माध्यम है जो जीवन को संतुलित और स्वस्थ बनाता है।















