कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बुढाना में भूजल सप्ताह पर जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

मुजफ्फरनगर में भूजल सप्ताह 2025 के अंतर्गत जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय बुढाना में किया गया। यह कार्यक्रम जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशन एवं मुख्य विकास अधिकारी कण्डारकर कमलकिशोर देशभूषण के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को भूजल के महत्व, इसके संरक्षण एवं सतत उपयोग के प्रति जागरूक करना रहा।कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजीव कुमार द्वारा किया गया, जिन्होंने उपस्थित छात्राओं को भूजल से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भूजल या भूमिगत जल पृथ्वी की सतह के नीचे चट्टानों और मिट्टी के बीच मौजूद रिक्त स्थानों में पाया जाने वाला पानी है। यह प्राकृतिक संसाधन पीने, सिंचाई और औद्योगिक जरूरतों के लिए अत्यंत आवश्यक है। वर्षा, नदियों व झीलों का पानी जब जमीन में रिसता है, तो वह जलभृत (Aquifers) में जमा होकर भूजल का रूप लेता है।डॉ. राजीव कुमार ने कहा कि भूजल एक नवीकरणीय संसाधन जरूर है, लेकिन इसकी नवीनीकरण दर वर्षा, वाष्पीकरण और जल के अत्यधिक दोहन जैसे कारकों पर निर्भर करती है। उन्होंने चेताया कि यदि भूजल का अत्यधिक उपयोग जारी रहा तो इससे जल स्तर में गिरावट, जल गुणवत्ता में कमी और अन्य गंभीर पर्यावरणीय संकट उत्पन्न हो सकते हैं। भारत आज विश्व में भूजल का सबसे बड़ा उपभोक्ता है और इसका 87% से अधिक भाग कृषि में खर्च होता है।उन्होंने यह भी बताया कि भारत के कई हिस्सों में भूजल स्तर खतरनाक रूप से नीचे जा चुका है, जिसका मुख्य कारण अत्यधिक दोहन, जल प्रदूषण, कम वर्षा और बढ़ता शहरीकरण है। ऐसे में भूजल का संरक्षण समय की मांग है और इसके प्रति जन-जागरूकता बेहद जरूरी है।कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार के नेतृत्व में विद्यालय की वार्डन रश्मि रानी तथा शिक्षिकाएं पूनम शर्मा, सविता स्वामी, नेहा, वर्षा एवं कोमल ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम के समापन पर वार्डन द्वारा सभी अतिथियों, विद्यार्थियों और शिक्षकों का आभार प्रकट किया गया।इस प्रकार यह कार्यक्रम बालिकाओं के लिए भूजल की उपयोगिता व संरक्षण के प्रति एक प्रेरणादायक अनुभव साबित हुआ।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts