“यूपी-भारत का ग्रोथ इंजन” थीम पर होंगे कार्यक्रम, लाभार्थियों को मिलेगा लाभ

बांदा। प्रदेश सरकार के सेवा, सुरक्षा और सुशासन की नीति के आठ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद मुख्यालय, तहसील मुख्यालय और विकास खंड स्तर पर “यूपी-भारत का ग्रोथ इंजन” थीम पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में केंद्र सरकार की दस वर्षों की उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।

यह त्रिदिवसीय आयोजन 25 से 27 मार्च 2025 तक होगा, जिसमें शासन की महत्वपूर्ण उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ 25 मार्च को रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में जनपद के प्रभारी मंत्री और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया जाएगा। इसी दौरान संस्कृति विभाग के सहयोग से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। 26 और 27 मार्च को विधान सभा और विकास खंड स्तर पर भी आयोजन किया जाएगा।

सर्किट हाउस सभागार में प्रमुख सचिव सहायतित परियोजना, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग और जनपद के नोडल अधिकारी पनधारी यादव की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी कार्यक्रम बेहतर रूप से संचालित किए जाएं और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए।

25 मार्च को शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। कृषक दुर्घटना बीमा योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, विश्वकर्मा योजना और रानी लक्ष्मीबाई योजना के लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत टैबलेट वितरण भी किया जाएगा। इसके अलावा, पुलिस विभाग और अन्य विभागों की योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए जाएंगे। बैंकर्स द्वारा ऋण वितरण स्टॉल और स्वास्थ्य विभाग द्वारा आरोग्य मेले का भी आयोजन किया जाएगा।

26 मार्च को कलेक्ट्रेट सभागार में युवा स्वरोजगार और समाज कल्याण से संबंधित कार्यक्रम होंगे। इसमें व्यापारियों के लिए योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और पीएम स्टार्टअप योजना, स्वनिधि योजना, टूल किट एवं ऋण वितरण किया जाएगा।

27 मार्च को महिला कल्याण से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें आंगनबाड़ी, बीसी सखी, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, कन्या सुमंगला योजना और स्वयं सहायता समूहों के लाभार्थी शामिल होंगे। महिलाओं के लिए स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां प्रारंभिक स्वास्थ्य परीक्षण की जानकारी दी जाएगी। साथ ही, श्रमिक कल्याण योजनाओं के तहत श्रमिकों का पंजीकरण और आयुष्मान कार्ड का वितरण किया जाएगा।

जिलाधिकारी जे. रीभा ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने कार्यक्रमों को सुचारू रूप से संचालित करें और सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करें। कार्यक्रमों के आयोजन के लिए मुख्य विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है और एक परामर्शदाता समिति का गठन भी किया गया है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वेद प्रकाश मौर्य, अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे, व्यापार मंडल और रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts