प्रो. जगदीश प्रसाद सविता को भावभीनी श्रद्धांजलि, समाजसेवा और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान को किया याद.

मुजफ्फरनगर। ह्यूमेनिटी वेलफेयर सोसाइटी के संरक्षक, प्रख्यात शिक्षाविद एवं समाजसेवी स्वर्गीय प्रो. जगदीश प्रसाद सविता की पुण्य स्मृति में गुरुवार को शहीद चौक स्थित सोसाइटी के शाखा कार्यालय के प्रथम तल पर श्रद्धांजलि एवं शोक सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक, साहित्यिक, शैक्षिक एवं जनसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. ज़ैदी ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रो. जगदीश प्रसाद सविता शिक्षा, सामाजिक सरोकार और मानवीय मूल्यों के सच्चे प्रतीक थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज के उत्थान, शिक्षा के प्रसार और मानवता की सेवा के लिए समर्पित किया। उनके कार्य और विचार आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे। कमर अदबी सोसाइटी के अब्दुल हक़ सहर ने कहा कि शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में उनका योगदान अविस्मरणीय है तथा समाज उन्हें लंबे समय तक याद रखेगा। प्रयत्न संस्था एवं उर्दू डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन के असद फारूकी ने कहा कि प्रो. सविता सामाजिक समरसता, भाईचारे और शिक्षा के प्रसार के मजबूत समर्थक थे। उर्दू बेदारी फोरम के मास्टर शहज़ाद और औसाफ अहमद अंसारी ने उनके जीवन को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि उन्होंने सदैव लोगों को शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के लिए प्रेरित किया। एक्शन एड एसोसिएशन के कमर इंतखाब ने कहा कि समाज सेवा के क्षेत्र में उनका योगदान हमेशा स्मरणीय रहेगा। ह्यूमेनिटी वेलफेयर सोसाइटी के परवेज़ एडवोकेट ने उनके निधन को समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया। सोसाइटी के सचिव मोहम्मद शाहवेज़ ने कहा कि प्रो. सविता का संरक्षण और मार्गदर्शन संस्था के लिए हमेशा प्रेरणादायक रहा है तथा संस्था उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए समाज सेवा के कार्यों को और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ाएगी। सोसाइटी के सदस्य फ़ैज़ उर रहमान ने कहा कि प्रो. सविता केवल एक शिक्षाविद ही नहीं बल्कि मानवता के सच्चे सेवक थे। कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष शाह आलम, फ़ैसल सैफी, नदीम हुसैन, साबरा जी, नुसरत कमाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में सभी उपस्थितजनों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts