पुरकाजी नगर पंचायत सभागार में कावड़ यात्रा 2025 की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता चेयरमैन जहीर फारूकी ने की। बैठक में थानाध्यक्ष जयवीर सिंह, एसडीओ कपिल मुनि और चिकित्सा प्रभारी सुमित चौधरी के साथ-साथ कस्बे के सम्मानित व्यापारी, नागरिक तथा भंडारा समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में कावड़ यात्रा के दौरान पुलिस, स्वास्थ्य और बिजली विभाग की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई और सुझाव लिए गए।थानाध्यक्ष जयवीर सिंह ने स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अनावश्यक रूप से मोटरसाइकिलों पर घूमने और भीड़ में व्यवधान पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें हवालात भेजा जाएगा। वहीं, एसडीओ कपिल मुनि ने बताया कि इस वर्ष बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए नीची लाइनों को हटाया जा रहा है और खंभों को बदला जा रहा है, जिससे बिजली कटौती न्यूनतम हो सके।चिकित्सा प्रभारी सुमित चौधरी ने जानकारी दी कि यात्रा मार्ग पर 8 एंबुलेंस तैनात रहेंगी और इस बार कस्बे के भीतर भी स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। चेयरमैन जहीर फारूकी ने नगर पंचायत की ओर से बेहतर से बेहतर व्यवस्था करने का आश्वासन दिया। उन्होंने व्यापारियों से आह्वान किया कि वे सड़कों पर उतरकर सहयोग करें। साथ ही उन्होंने चेताया कि यात्रा में व्यवधान डालने वाला चाहे उनका समर्थक ही क्यों न हो, उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और पूरा मार्ग सीसीटीवी की निगरानी में रहेगा।बैठक में भाजपा नेता हरिराम सक्सेना सहित कई व्यापारियों ने जल निगम पर यात्रा मार्ग की सड़कों को समय से ठीक न करने का आरोप लगाया। बैठक में प्रमुख रूप से सचिन शर्मा, मोनू पंवार, रविन्द्र, राधेलाल, शाहलम गौड, आजाद फरीदी, समर बाबू, संदीप गोयल, डॉक्टर मथुरा प्रसाद, दीपक माहेश्वरी, निखिल गोयल, संजय सिंघल, शरद गर्ग, वंश अग्रवाल, केपी सिंह, रजत वर्मा, दिनेश गोयल समेत अनेक सामाजिक और व्यापारिक प्रतिनिधि मौजूद रहे।















