मुजफ्फरनगर। रिजर्व पुलिस लाइन्स स्थित परेड ग्राउंड पर 26 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली प्रशिक्षु आरक्षियों की पासिंग आउट परेड को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने फुल ड्रेस ग्रांड रिहर्सल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परेड अनुशासन, ड्रिल की गुणवत्ता, मार्च पास्ट, सलामी प्रक्रिया, मंच व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध सहित सभी महत्वपूर्ण पहलुओं का सूक्ष्म परीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परेड समारोह को गरिमामय, अनुशासित और भव्य रूप से आयोजित किया जाए, ताकि जनपद पुलिस की उत्कृष्ट छवि सामने आए।
रिहर्सल के दौरान परेड का संचालन प्रथम कमांडर सोनू चेतिवाल, द्वितीय कमांडर अंकित कुमार और तृतीय कमांडर जयवीर सिंह द्वारा किया गया। प्रशिक्षु आरक्षियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ मार्च पास्ट करते हुए सलामी मंच से गुजरकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ससम्मान सलामी दी। इस दौरान एसएसपी ने परेड की सराहना करते हुए प्रशिक्षुओं के जोश, समर्पण और अनुशासन की प्रशंसा की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पासिंग आउट परेड हर प्रशिक्षु के जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होता है, जो उनके कठिन प्रशिक्षण, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है।
उन्होंने प्रशिक्षु आरक्षियों को भविष्य में ईमानदारी, निष्ठा और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मिश्रा, प्रतिसार निरीक्षक उदल सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
पूरे कार्यक्रम के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित होती पाई गईं। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शेष तैयारियों को समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि आगामी पासिंग आउट परेड को भव्य और सफल बनाया जा सके।
























































