भगवान जगन्नाथ का 108 कलशों से अभिषेक, रथ यात्रा की तैयारियां शुरू

राजगढ़ (अलवर)।राजगढ़ कस्बे के चौपड़ बाजार स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में देव स्नान पूर्णिमा के अवसर पर धार्मिक उत्सव का शुभारंभ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान जगन्नाथ का 108 जल कलशों और पंचामृत से अभिषेक किया गया। मंदिर के पुजारी मदन मोहन शास्त्री और पंडित रोहित शर्मा ने बताया कि अभिषेक के बाद भगवान जगन्नाथ का गणेश रूपी श्रृंगार किया गया। इसके पश्चात वे 15 दिनों के लिए गर्भगृह में प्रवेश कर गए हैं, जहां औषधि युक्त काढ़े से उनका उपचार किया जाएगा।

मान्यता है कि अभिषेक के बाद भगवान को ज्वर पीड़ा होती है, जिसके निवारण हेतु उन्हें विश्राम दिया जाता है। 26 जून को आषाढ़ शुक्ल प्रतिपदा के दिन भगवान गर्भगृह से बाहर आकर भक्तों को दर्शन देंगे। इसी दिन प्रातःकाल नेत्रोत्सव का आयोजन किया जाएगा।

सायं जानकी माता की सवारी जगदीश मंदिर से निकलकर मुख्य बाजारों से होती हुई गंगा बाग स्थित मेला स्थल पर पहुंचेगी। यहां मंदिर मार्जन और गणेश पूजन के कार्यक्रम होंगे, जिसमें मेला कमेटी के सभी सदस्य उपस्थित रहेंगे।

इसके अगले दिन, 27 जून को भगवान जगन्नाथ की 171वीं ऐतिहासिक रथ यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के भाग लेने की संभावना है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts