मुजफ्फरनगर। थाना भोपा क्षेत्र के भोपा गंग नहर पुल पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला ने आत्महत्या के उद्देश्य से अचानक गंग नहर में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही ड्यूटी पर तैनात थाना भोपा के आरक्षी मनीष कुमार और स्थानीय गोताखोर राजीव वाल्मीकि ने बिना किसी देरी के साहस और मानवता का परिचय देते हुए तेज बहाव वाली गंग नहर में छलांग लगा दी। दोनों ने अपनी जान की परवाह किए बिना महिला तक पहुंचने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गंग नहर में पानी का बहाव तेज होने के बावजूद दोनों ने सूझबूझ, धैर्य और बहादुरी का परिचय देते हुए महिला की जान बचाने में सफलता हासिल की। महिला को बाहर निकालते ही तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज शुरू कराया गया। साथ ही पुलिस ने घटना की सूचना महिला के परिजनों को भी दे दी, जिससे वे तुरंत अस्पताल पहुंच सके। समय रहते किए गए इस साहसिक प्रयास के कारण एक बड़ा हादसा टल गया और महिला की जान बच गई। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने आरक्षी मनीष कुमार और गोताखोर राजीव वाल्मीकि की बहादुरी की जमकर सराहना की। लोगों का कहना है कि यदि दोनों ने तत्काल निर्णय लेकर नहर में छलांग नहीं लगाई होती तो महिला को बचा पाना बेहद मुश्किल हो सकता था।
पुलिस विभाग ने भी इस साहसिक कार्य की प्रशंसा करते हुए दोनों को सम्मानित किया। क्षेत्राधिकारी भोपा लक्ष्मण वर्मा ने आरक्षी मनीष कुमार और गोताखोर राजीव वाल्मीकि को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया तथा उनकी कर्तव्यनिष्ठा, साहस और मानवता की भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि जरूरत पड़ने पर लोगों की जान बचाना भी है। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि पुलिस और स्थानीय बचाव दल की सतर्कता, त्वरित कार्रवाई और सेवा भावना से कई अनमोल जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। क्षेत्र में दोनों के इस सराहनीय कार्य की व्यापक प्रशंसा हो रही है और लोग उन्हें मानवता की मिसाल बता रहे हैं।























































