थाना नई मंडी पुलिस ने डीजल चोरी गिरोह का किया भंडाफोड़, वादी ने टीम को सम्मानित किया

मुज़फ्फरनगर जनपद के थाना नई मंडी क्षेत्र में डीजल चोरी के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया और 4500 लीटर डीजल बरामद किया। इस सफल कार्रवाई पर मामले के वादी राजेश चौहान ने पूरी पुलिस टीम को उपहार देकर सम्मानित किया। यह सम्मान समारोह नई मंडी थाना परिसर में आयोजित किया गया, जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत, सीओ नई मंडी रूपाली राय और थाना प्रभारी दिनेश चंद्रा सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।वादी राजेश चौहान ने बताया कि उनके निर्माणाधीन पेट्रोल पंप के स्टोर से लंबे समय से डीजल चोरी की घटनाएं हो रही थीं। उन्होंने इस मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से की, जिसके बाद एफआईआर दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने लगभग एक माह में 90 प्रतिशत चोरी हुआ डीजल बरामद कर लिया।

राजेश चौहान ने पुलिस की मेहनत की सराहना करते हुए बताया कि उनका बेटा भी कई बार टीम के साथ घटनास्थल पर गया और कई बार सुबह चार बजे तक घर लौटा। इससे पुलिस के प्रयासों और समर्पण का उन्हें अंदाज़ा हुआ।एसएसपी संजय वर्मा ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्रवाई के दौरान 4500 लीटर डीजल के साथ ₹1.05 लाख नकद और एक महिंद्रा पिकअप वाहन भी बरामद किया गया है। गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों में एक चौकीदार भी शामिल है, जो इस गैंग का हिस्सा था। एसएसपी ने वादी द्वारा पुलिस टीम को सम्मानित किए जाने की पहल को सराहनीय बताया और कहा कि इस तरह की सकारात्मक प्रतिक्रियाएं अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनती हैं।राजेश चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन इसलिए किया ताकि ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करने वाले पुलिस बल को उचित सम्मान मिले और आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हो। समारोह के अंत में उन्होंने सभी अधिकारियों और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts