औरैया सदर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत सुभाष चौराहे पर देर रात दो ऑटो चालक किसी बात को लेकर आपस में भिड़ गए। सुभाष चौराहे पर खड़ी यातायात पुलिस ने जब दोनों को बहस करते देखा तो वह मौके पर पहुंची और मामले को समझने का प्रयास किया।
जांच के दौरान पता चला कि एक ऑटो चालक नशे की हालत में था। इसी बीच उसने अपने परिवार को भी मौके पर बुला लिया, जिससे मामला और बढ़ गया। स्थिति बिगड़ती देख यातायात पुलिस ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और एक ऑटो को सीज कर कोतवाली ले गई। इसके बाद दोनों पक्षों को शांत कराया गया।
गौरतलब है कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वाहन चालकों के लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी वाहन चालक शराब पीकर वाहन न चलाए। फिलहाल अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दोनों ऑटो चालक किस बात पर भिड़े थे।















