बारिश में भी मुस्तैद रही पुलिस, कांवड़ मार्ग का निरीक्षण.

मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुचारु और दुर्घटनामुक्त संपन्न कराने के लिए पुलिस लगातार सतर्कता बरत रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ ने बारिश के बीच रामपुर तिराहा स्थित कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डायवर्जन व्यवस्था, कांवड़ियों के निर्बाध आवागमन, यातायात संचालन और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिवभक्त की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे तथा किसी भी स्थिति में यात्रा में बाधा न आने पाए। भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध ने शिवभक्तों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और आवश्यकताएं भी जानीं तथा सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं। श्रद्धालुओं ने भी पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुरक्षा व्यवस्था और सहयोग पर संतोष व्यक्त किया। निरीक्षण के दौरान एक डाक कांवड़ वाहन की छत पर बैठे श्रद्धालुओं को सुरक्षा की दृष्टि से तुरंत नीचे उतरवाया गया।

उन्हें समझाया गया कि वाहन की छत पर बैठकर यात्रा करना अत्यंत जोखिमपूर्ण है और इससे गंभीर दुर्घटना हो सकती है। पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित तरीके से यात्रा करने की अपील की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में जनपद पुलिस लगातार कांवड़ मार्गों पर निगरानी बनाए हुए है और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नियमित निरीक्षण किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रत्येक शिवभक्त की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करना सर्वोच्च लक्ष्य है। इसके लिए पूरे जनपद में पुलिस बल पूरी मुस्तैदी, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ लगातार ड्यूटी निभा रहा है, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हो सके।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts