रतनपुरी में पुलिस मुठभेड़, 25 हजार का इनामी बदमाश गुफरान घायल हालत में गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर जनपद के थाना रतनपुरी क्षेत्र में पुलिस चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी और वांछित बदमाश को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन भानु भास्कर एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह के निर्देशन में की गई। पूरे अभियान का पर्यवेक्षण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने किया, जबकि पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेन्द्र पाल सिंह और थाना प्रभारी रतनपुरी राकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार थाना रतनपुरी पुलिस कल्याणपुर-टोडा मार्ग पर नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान टोडा की ओर से एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह नहीं रुका और कच्चे रास्ते की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया तो बदमाश की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद वह पास के ईंख के खेत में घुस गया।

पुलिस ने बदमाश को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की सूक्ष्म फायरिंग से बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान गुफरान पुत्र इरफान निवासी ग्राम नंगला रियावली, थाना रतनपुरी, जनपद मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है, जिसकी उम्र लगभग 30 वर्ष बताई गई है। अभियुक्त थाना रमाला, जनपद बागपत में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक हीरो होंडा मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गुफरान के खिलाफ विभिन्न जनपदों में चोरी, लूट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts