मुजफ्फरनगर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा” अभियान के तहत थाना नई मंडी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन के पर्यवेक्षण में, क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव व थाना प्रभारी आनन्द देव मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 2 मई 2026 को सिसोना क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सिसोना की ओर से एक छोटा हाथी वाहन और एक क्रेटा कार में सवार कुछ लोग भारी मात्रा में अवैध गांजा लेकर आ रहे हैं।सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सिसोना पुलिया पर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। कुछ ही देर में दोनों संदिग्ध वाहन वहां पहुंचे, लेकिन पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर वाहन सवारों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और मौके से भागने लगे। पुलिस टीम बाल-बाल बची और तत्काल बदमाशों का पीछा किया। भागते समय बदमाशों ने अपने वाहनों को सिसोना रजवाहे की ओर मोड़ लिया, लेकिन रास्ता संकरा होने के कारण कुछ दूरी पर उनकी गाड़ियां फंस गईं।
इसके बाद दोनों वाहनों से पांच बदमाश उतरकर जंगल की ओर भागते हुए पुलिस पर लगातार फायरिंग करने लगे। पुलिस ने बदमाशों को आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन उन्होंने कोई ध्यान नहीं दिया। इसके बाद पुलिस टीम ने साहस का परिचय देते हुए आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो आरोपी मोहम्मद सुल्तान और गुड्डू घायल हो गए। शेष तीन आरोपियों को पुलिस ने कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान मौके से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने मौके से वाहनों के साथ भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना नई मंडी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोहों में हड़कंप मच गया है।























































