मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में डाक कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ और तेज रफ्तार बाइक सवारों की आवाजाही के बीच मुजफ्फरनगर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है। कांवड़ मार्गों और शहर क्षेत्र में पुलिस ने विशेष निगरानी अभियान चलाते हुए बाइक से यात्रा कर रहे कुछ कांवड़ियों के पास से लाठी-डंडे और फरसे बरामद कर उन्हें कब्जे में लिया। पुलिस की कार्रवाई के बाद कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता और बढ़ा दी गई है।
पुलिस के अनुसार, कांवड़ यात्रा के अंतिम दौर में डाक कांवड़ियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। बड़ी संख्या में शिवभक्त बाइक और अन्य वाहनों से तेज गति से अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं। ऐसे में यदि किसी के हाथ में लाठी-डंडे या धारदार हथियार हों तो दुर्घटना, विवाद अथवा कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका बनी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने कांवड़ मार्गों पर चेकिंग और निगरानी तेज कर दी है।
शहर कोतवाल बृजेश शर्मा और थाना कांवड़ प्रभारी महावीर सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने कांवड़ मार्गों पर संदिग्ध तरीके से हथियारनुमा वस्तुएं लेकर चल रहे कांवड़ियों को रोककर जांच की। जांच के दौरान कई बाइक सवारों के पास से लाठी-डंडे और फरसे मिले, जिन्हें पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने कांवड़ियों को यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने और किसी भी प्रकार की ऐसी वस्तु साथ न रखने की हिदायत दी, जिससे विवाद या अप्रिय स्थिति पैदा हो सकती है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य किसी की धार्मिक यात्रा में बाधा डालना नहीं, बल्कि सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। अंतिम चरण में डाक कांवड़ियों की भीड़ बढ़ने के कारण यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कांवड़ मार्गों पर लगातार पुलिस गश्त, चेकिंग और निगरानी की जा रही है। पुलिस प्रशासन का प्रयास है कि लाखों शिवभक्त सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में अपनी यात्रा पूरी करें तथा कांवड़ यात्रा सकुशल संपन्न हो।
























































