मुजफ्फरनगर। बुढाना थाना पुलिस ने जाली भारतीय मुद्रा की तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सूचना मिली थी कि एक वैगनार कार में सवार तीन व्यक्ति खतौली की ओर से जाली नोट लेकर बुढाना क्षेत्र में आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने बसी गेट, खतौली रोड पर सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया। कुछ देर बाद संदिग्ध वैगनार कार दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोकने का इशारा किया तो उसमें सवार लोगों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आवश्यक बल प्रयोग करते हुए तीनों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सालिम पुत्र हाफिज इमरान निवासी ग्राम कैली थाना दौराला, मेरठ, माजिद पुत्र फारुख निवासी ग्राम कैली थाना दौराला, मेरठ तथा जिशान पुत्र गुलजार निवासी ग्राम जौला थाना बुढाना, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक लाख रुपये मूल्य के जाली नोट, एक वैगनार कार और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी अंतरराज्यीय स्तर पर जाली करेंसी के अवैध कारोबार से जुड़े गिरोह के सदस्य हैं और विभिन्न क्षेत्रों में जाली नोटों की सप्लाई करने का काम करते थे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क, जाली नोटों के स्रोत तथा इनके अन्य साथियों के बारे में गहन पूछताछ की जा रही है। बरामद मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों की जांच के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को जाली मुद्रा के अवैध कारोबार पर बड़ी सफलता माना जा रहा है।
























































