बांदा। एसपी पलाश बंसल के निर्देशन में सामाजिक रिश्तों को बचाने के लिए बांदा पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में परिवार परामर्श केंद्र की टीम ने आपसी झगड़े के कारण टूटने की कगार पर पहुंचे दो परिवारों को जोड़कर सराहनीय काम किया है।मामला कोतवाली नगर क्षेत्र की रहने वाली सना और कोतवाली देहात क्षेत्र की राधिका से जुड़ा है। दोनों ने पारिवारिक मतभेद को लेकर एसपी बांदा के समक्ष प्रार्थना पत्र दिया था। एसपी ने मामले के निस्तारण के लिए प्रभारी परिवार परामर्श केंद्र निरीक्षक अखिलेश प्रताप सिंह को निर्देशित किया।परिवार परामर्श केंद्र की टीम ने दोनों पक्षों की शिकायतों को विस्तार से सुना और समझा। टीम ने आपसी संवाद के जरिए काउंसलिंग कर दोनों पक्षों के बीच के मतभेद दूर किए। समझाइश के बाद दोनों पक्षों ने भविष्य में लड़ाई-झगड़ा न करने, एक-दूसरे का सम्मान करने और पारिवारिक जिम्मेदारियों को निभाने का भरोसा दिलाया।आपसी सहमति व सुलह होने पर टीम ने दोनों पक्षों को प्रेम, सहयोग व सामंजस्य के साथ वैवाहिक जीवन बिताने की सलाह दी और शुभकामनाएं दीं।पुलिस की इस पहल से दो घर उजड़ने से बच गए। एसपी पलाश बंसल ने परिवार परामर्श केंद्र की टीम के प्रयासों की सराहना की है।














