मुजफ्फरनगर के भगतसिंह रोड पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी प्रशासनिक कार्यवाही देखने को मिली। लंबे समय से सड़क किनारे फैलते जा रहे अवैध कब्जों को हटाने के लिए पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मोर्चा संभाला। इस दौरान दुकानदारों और ठेला चालकों में हड़कंप मच गया। जैसे ही अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची, अतिक्रमणकारी अपनी दुकानें और सामान छोड़कर भागते नजर आए।सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, सीओ सिटी राजू साव और नगरपालिका की ईओ प्रज्ञा सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्यवाही में नगरपालिका के कर्मचारियों ने मौके पर ही जुर्माना वसूलना शुरू कर दिया। हाथों-हाथ चालान की प्रक्रिया अपनाते हुए करीब 25 हजार रुपये की राशि अतिक्रमणकारियों से वसूल की गई।
जिन दुकानदारों ने चालान देने से इनकार किया या विरोध किया, उन्हें सख्ती से चेतावनी दी गई और कुछ को कोतवाली ले जाने के निर्देश भी दिए गए।इस कार्यवाही से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और मौके से निकल गए। लोगों की भीड़ ने इस कार्रवाई को देखा और सोशल मीडिया पर भी इसकी चर्चा होने लगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर की यातायात व्यवस्था और आमजन की सुविधा के लिए अतिक्रमण हटाना जरूरी है।नगरपालिका और पुलिस की यह सख्त कार्यवाही आने वाले दिनों में अन्य इलाकों में भी दोहराई जा सकती है। अधिकारियों ने कहा कि बार-बार चेतावनी देने के बावजूद अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ अब सीधी कार्यवाही की जाएगी। जो भी व्यक्ति सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जा करेगा, उससे जुर्माना वसूलने के साथ-साथ कानूनी कार्यवाही भी की जाएगी।स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे रास्ता साफ होगा और जाम की समस्या से राहत मिलेगी। वहीं, अतिक्रमण करने वालों के लिए यह एक कड़ा संदेश है कि अब लापरवाही नहीं चलेगी।















