भास्कर न्यूज़ उत्तर प्रदेश उत्तराखंड
मुज़फ्फरनगर। विगत दिनों 15.मई को भारतीय किसान यूनियन के द्वारा किसान समस्याओं को लेकर जनपद स्थित तितावी थाना परिसर में एक धरना-प्रदर्शन किया गया था। जिसे लेकर एन०एच०आई० के द्वारा 16.मई को एक तहरीर दी गयी, जिसके आधार पर 11 नामदर्ज व 200 से 250 किसानों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर दिया गया। इस प्रकरण को लेकर भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों की एक बैठक 17.मई को जागाहेडी स्थित मंदिर प्रांगण में की गयी। जिसमें समस्त पदाधिकारियों व किसानों ने निर्णय लिया कि पुलिस प्रशासन की तानाशाही के विरूद्ध आने वाली 23.मई को तितावी थाना परिसर में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इसी क्रम में जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मामले का संज्ञान लेते हुए, भारतीय किसान यूनियन के एक प्रतिनिधिमंडल जिसमें भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौ० राकेश टिकैत, प्रदेश महासचिव धीरज लाटियान, मण्डल अध्यक्ष नवीन राठी, जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा व अशोक कुमार से इस प्रकरण व किसानों की सभी समस्याओं को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद के साथ यह वार्ता सकारात्मक रही है। सभी ने निर्णय लिया कि 23.मई को आयोजित होने वाला धरना-प्रदर्शन अभी स्थगित किया जाता है।















