मुजफ्फरनगर। सेवा पर्व के अंतर्गत सूचना एवं जनसंपर्क विभाग उत्तर प्रदेश, जनपद मुजफ्फरनगर द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य जनपद के लोगों को केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी रोचक चित्रों के माध्यम से देना था। प्रदर्शनी का शुभारंभ नवोदित कलाकारों और काव्य पाठ प्रतियोगिता के विजेताओं द्वारा चित्र प्रदर्शनी का भ्रमण कर किया गया।
इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी नरसिंह, प्रभारी राजकीय पुस्तकालय डॉ रणवीर सिंह, प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया, डॉ जीत सिंह और सुनीता ने काव्य पाठ विजेताओं एवं नवोदित कलाकारों का फूलमालाओं से सम्मान कर उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संयोजन बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ राजीव कुमार द्वारा किया गया।
प्रदर्शनी में माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन, व्यक्तित्व और महत्वपूर्ण प्रसंगों से जुड़े चित्र शामिल किए गए। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, महिला सशक्तीकरण, जल जीवन मिशन, स्टार्टअप एवं स्वरोजगार से जुड़ी नीतियों तथा शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र की योजनाओं को विस्तार से प्रदर्शित किया गया। इन योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुँचाने के लिए प्रदर्शनी को आकर्षक और ज्ञानवर्धक रूप दिया गया है।
जिला सूचना अधिकारी ने बताया कि यह प्रदर्शनी 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगी। 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। प्रदर्शनी का उद्देश्य अधिक से अधिक विद्यार्थियों, युवाओं, किसानों, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देना और उन्हें इनसे जोड़ना है।
कार्यक्रम के दौरान ‘विकसित उत्तर प्रदेश 2047’ विषय पर आमजन से सुझाव भी आमंत्रित किए जा रहे हैं। इसके लिए प्रदर्शनी स्थल पर क्यूआर कोड की व्यवस्था की गई है, जिसे स्कैन कर लोग अपने सुझाव दे सकते हैं। खास बात यह है कि अच्छे सुझाव देने वालों को सम्मानित भी किया जाएगा। इस पहल का मकसद उत्तर प्रदेश के भविष्य को लेकर आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर ‘लफ़्ज़’ मंच से जुड़े नवोदित कलाकार दिग्विजय सिंह, विशाल, ज़ीशान, अक्षय कुमार और आर्यन समेत कई अन्य प्रतिभागियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। प्रदर्शनी में आए विद्यार्थियों और युवाओं ने सरकार की योजनाओं की जानकारी चित्रों और पोस्टरों के माध्यम से लेते हुए विशेष उत्साह दिखाया। आयोजन समिति का मानना है कि इस प्रकार की प्रदर्शनी लोगों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ नई पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित करेगी।















