डीडवाना बाड़मेर जिले के सेडवा में चिकित्सक के साथ उपखंड अधिकारी द्वारा किए गए दुर्व्यवहार के मामले को लेकर चिकित्सक संगठन ने हड़ताल की घोषणा की। इसके तहत राजकीय बागड़ जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने दो घंटे की हड़ताल की और कार्य बहिष्कार करते हुए पेन डाउन किया। इस घटना के बाद चिकित्सकों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। चिकित्सकों का कहना है कि यह घटना सेडवा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के साथ हुई थी। एसडीएम का व्यवहार न केवल प्रशासनिक मर्यादाओं के खिलाफ था, बल्कि चिकित्सकों के मनोबल को भी ठेस पहुंचाने वाला था। चिकित्सक संगठन ने मांग की है कि एसडीएम सेडवा के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए और चिकित्सकों के कार्यस्थल पर सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित किया जाए। पेन डाउन के कारण अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ लगी और उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ा।















