नोटिस के बाद भी धड़ल्ले से चल रही वेल्डिंग फैक्ट्री, प्रदूषण से परेशान लोग,

मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कस्बे के मौहल्ला पच्छाला, मन्दवाड़ा रोड स्थित आवासीय क्षेत्र में संचालित एक वेल्डिंग इकाई को लेकर प्रदूषण संबंधी शिकायत सामने आई है। शिकायतकर्ता अंकित गर्ग द्वारा प्रशासन को दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया कि मै० बांके बिहारी एंटरप्राइजेज नाम से संचालित इस इकाई से लगातार ध्वनि एवं वायु प्रदूषण फैल रहा है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत के आधार पर 17 दिसंबर 2025 को संबंधित अधिकारियों द्वारा इकाई का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान शिकायतकर्ता से दूरभाष पर संपर्क किया गया, जिसमें उन्होंने फैक्ट्री संचालन से होने वाले प्रदूषण की पुष्टि की।जांच में पाया गया कि मनोज कुमार पुत्र वेद प्रकाश गोयल द्वारा आवासीय परिसर में अवैध रूप से वेल्डिंग इकाई स्थापित कर उसका संचालन किया जा रहा है। इकाई में एमएस एंगल की कटिंग, बेंडिंग, ड्रिलिंग तथा मिग वेल्डिंग के माध्यम से ग्रिल, खिड़की और चौखट आदि तैयार किए जा रहे थे। निरीक्षण के समय परिसर में एक इलेक्ट्रिक कटर मशीन, पांच मिग वेल्डिंग मशीनें तथा पेंटिंग कार्य के लिए एक प्रेशर कम्प्रेसर मशीन लगी मिलीं। अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से माना कि इकाई निर्धारित भू-उपयोग के विपरीत संचालित की जा रही है तथा इससे उत्पन्न ध्वनि और वायु प्रदूषण आसपास के वातावरण और जनस्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा है।

रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि आवासीय क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों पर उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय द्वारा पूर्व में प्रतिबंध लगाए जा चुके हैं। वर्ष 2003 में पारित आदेशों तथा 2013 में सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के अनुसार आवासीय क्षेत्र में व्यावसायिक एवं औद्योगिक इकाइयों का संचालन प्रतिबंधित है। इसके बावजूद उक्त इकाई लगातार संचालित हो रही है। प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े अधिकारियों ने नगर पंचायत बुढ़ाना के अधिशासी अधिकारी को पत्र भेजकर इकाई को आवासीय क्षेत्र से हटाकर अन्यत्र स्थानांतरित कराने की संस्तुति की है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन की ओर से नोटिस जारी किए जाने के बाद भी फैक्ट्री धड़ल्ले से चलाई जा रही है। लोगों का कहना है कि मशीनों की तेज आवाज, धुएं और वेल्डिंग से निकलने वाली चिंगारियों के कारण आसपास रहने वाले परिवारों का जीवन प्रभावित हो रहा है। अब क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जल्द प्रभावी कार्रवाई कर फैक्ट्री बंद कराने की मांग की है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts