मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना क्षेत्र के गाँव कसेरवा के लोगों ने पंजाब में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए इंसानियत और भाईचारे की अनोखी मिसाल पेश की है। गाँव के लोग लाखों रुपये की राहत सामग्री इकट्ठा कर ट्रकों के जरिए प्रभावित क्षेत्रों में भेज रहे हैं। यह कदम न केवल मानवता की सेवा का बेहतरीन उदाहरण है बल्कि बाढ़ पीड़ित परिवारों के लिए बड़ी राहत भी साबित हो रहा है। इस मौके पर जमीयत उलमा–ए–हिंद बुढ़ाना के अध्यक्ष मुफ्ती फरमान क़ासमी ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं में जरूरतमंदों की मदद करना हर इंसान का फर्ज़ है। उन्होंने ग्रामीणों की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्य कुरआन और हदीस की शिक्षाओं पर अमल करने का सबसे अच्छा तरीका है। वहीं जमीयत उलमा–ए–हिंद के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष एवं जिला मीडिया प्रभारी मौ. आसिफ कुरैशी ने भी इस पहल की तारीफ करते हुए कहा कि गाँव कसेरवा के लोगों का जज़्बा और हिम्मत समाज के लिए प्रेरणादायक है। गौरतलब है कि तीन दिन पूर्व जमीयत उलमा–ए–हिंद, जिला मुजफ्फरनगर के अध्यक्ष मौलाना मुकर्रम ने पंजाब बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए अपील जारी की थी। अपील का असर यह हुआ कि अब गाँव–गाँव और कस्बों से लोग राहत सामग्री जुटाकर भेजने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और आने वाले दिनों में और अधिक ट्रकों में सहायता सामग्री रवाना की जाएगी। इस दौरान मुफ्ती फरमान क़ासमी, हाजी शराफत अली, मौ. नसीम पुत्र मांगा, मास्टर तौहीद, अखलाक प्रधान, आसिफ चौधरी, आश मुहम्मद, नौशाद, इंतजार, मीर हसन, अकरम चौधरी, जाहिद, इरफान, मौ. साजिद प्रधान, मौ. उवैस, मौ. इस्लाम पुत्र सूबेदीन, मौ. परवेज, जावेद, मास्टर मुन्तियाज, ग़य्यूर, मोनिश, फुरकान, मौ. वाकिब, मस्जिद बिलाल एवं बड़ा मदरसा अशरफुल उलूम और मदरसा सैयदना बिलाल के जिम्मेदार लोग मौजूद रहे। ग्रामीणों की यह सामूहिक पहल मानवता और भाईचारे की शानदार मिसाल है, जो समाज के हर वर्ग को आपसी सहयोग और मदद का संदेश देती है।















