मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय सामाजिक संस्था द्वारा मदीना चौक पर आयोजित मासिक राष्ट्रगान कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया और देशभक्ति की अनूठी मिसाल पेश की। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं, युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों सहित सभी धर्म और सम्प्रदाय के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रप्रेम की भावना को जागृत करना और युवाओं को देश के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के अध्यक्ष और समाजसेवी मनीष चौधरी ने गणमान्य लोगों के साथ किया। इसके बाद राष्ट्रीय ध्वज को फहराकर उपस्थित जनसमूह ने एक स्वर में ‘जन गण मन’ गाकर देशभक्ति की भावना व्यक्त की। गॉड ग्रेस इंटर कॉलेज के छात्रों ने भी इस कार्यक्रम में अपनी भूमिका निभाई।
मनीष चौधरी ने बताया कि पिछले पांच सालों से यह कार्यक्रम किसान और जवान के सम्मान में नियमित रूप से आयोजित किया जा रहा है। मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के फैजुर रहमान ने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से नई पीढ़ी को राष्ट्रवाद से जोड़ा जा रहा है और सभी धर्म और जाति के लोगों को इंसानियत के फ़र्ज़ के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इस अवसर पर गॉड ग्रेस पब्लिक स्कूल के प्रबंधक साजिद हसन त्यागी, प्रधानाचार्य मौहम्मद हारिस सुभानी, भारत लोक सेवक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केपी चौधरी, फैसल मिर्जा, सतपाल सिंगर, शोएब अली त्यागी, बृजेश कुमार और आफिया मंसूरी सहित क्षेत्र के व्यापारी और आमजन भारी संख्या में उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने मनीष चौधरी की इस राष्ट्रवादी पहल की सराहना की और भविष्य में भी नियमित रूप से भाग लेने का संकल्प लिया। यह मासिक कार्यक्रम हर महीने की पहली तारीख को आयोजित किया जाता है ताकि नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना बनी रहे।















