मुजफ्फरनगर में आगामी होलिका दहन, होली, नवरात्रि तथा ईद-उल-फितर (रमजान) के मद्देनजर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला पंचायत सभागार में पीस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने की। उन्होंने कहा कि जनपद में वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुसार सभी त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाएं तथा आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि होलिका दहन स्थलों का पूर्व निरीक्षण कर लिया जाए और त्योहार पारंपरिक तरीके से ही मनाया जाए, किसी भी प्रकार की नई परंपरा की शुरुआत न की जाए। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अलर्ट मोड पर रहें तथा पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। बिजली, पानी और साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए नगर पालिका और अन्य संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत ने लोगों से अपील की कि सभी नागरिक एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए त्योहार मनाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति भाईचारे के माहौल को बिगाड़ने की कोशिश करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध सूचना की तुरंत पुलिस को जानकारी देने की भी अपील की गई।
पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे ने कहा कि त्योहारों के दौरान विशेष यातायात अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने लोगों से शराब पीकर वाहन न चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। अधिकारियों और थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, स्थलीय भ्रमण करने और स्थानीय लोगों से संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में पीस कमेटी के सदस्यों और गणमान्य नागरिकों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अमन-चैन और सौहार्द बनाए रखने में पूरा सहयोग करेंगे। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और पुलिस प्रशासन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।















