मुजफ्फरनगर में आगामी त्यौहारों जुम्मा, होली और ईद को सकुशल सम्पन्न कराने, सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने और शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) नरेंद्र बहादुर सिंह और पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत ने एनआईसी सेंटर में पीस कमेटी मीटिंग का आयोजन किया।
इस बैठक में जनपद के संभ्रांत व्यक्तियों और धर्मगुरुओं को आमंत्रित किया गया था। बैठक में सभी गणमान्य व्यक्तियों से अपील की गई कि वे एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें और जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखें। जुमे की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से अदा करने, साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने और किसी भी असामाजिक तत्व अथवा आपराधिक गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया। साथ ही अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी प्रकार की जानकारी की पुष्टि उच्चाधिकारियों से करने की सलाह दी गई। सोशल मीडिया पर ऐसी कोई भी पोस्ट शेयर न करने की हिदायत दी गई जिससे किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हों या आपसी सौहार्द खराब हो। भड़काऊ, गलत या अशोभनीय पोस्ट से बचने और किसी भी हिंसात्मक या कानून विरोधी गतिविधि में शामिल न होने की चेतावनी दी गई। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा कर्मचारी मौजूद रहे।















