मुजफ्फरनगर। देश की आजादी की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। समारोह में नगर पालिका परिसर में तिरंगा शान से लहराया गया। इस दौरान आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया और उनके बलिदान को नमन किया गया। झांसी की रानी चौक पर ऑल इंडिया एंटी करप्शन सर्विस ट्रस्ट की टीम ने भी देशभक्ति की भावना के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने देशवासियों और मुजफ्फरनगर की जनता को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता हमें वीर शहीदों के संघर्ष और बलिदान से मिली है, इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास में अपना योगदान दे। समारोह में मौजूद लोगों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए देशभक्ति के नारे लगाए। पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल नजर आया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोगों ने राष्ट्रहित में कार्य करने और देश को मजबूत बनाने का संकल्प भी लिया।























































