मुजफ्फरनगर। सरकुलर रोड स्थित स्वर्ण इन में लायंस क्लब मुजफ्फरनगर ‘उन्नति’ की ओर से “गौरव और तीज का संगम” कार्यक्रम के तहत “तिरंगा तीज” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में तीज की उमंग के साथ देशभक्ति का रंग देखने को मिला। क्लब अध्यक्ष मनीष जैन ने सदस्यों का स्वागत किया। रीजन चेयरपर्सन मनीष बंसल और पूर्व अध्यक्ष अमित मित्तल ने शानदार एंकरिंग से कार्यक्रम में उत्साह बनाए रखा। क्लब के मीडिया चेयरमैन एवं डिप्टी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अनिल कंसल ने बताया कि कार्यक्रम में तीज से जुड़े मनोरंजक खेल और प्रतियोगिताएं कराई गईं। महिला सदस्य वीरांगनाओं तथा पुरुष सदस्य देशभक्तों की वेशभूषा में नजर आए।
प्रतिभागियों को रानी वेलु नाचियार, रानी लक्ष्मीबाई, चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह, रानी पद्मावती और सावित्रीबाई फुले टीमों में बांटा गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन के आधार पर रानी पद्मावती टीम विजेता रही और उसे “तीज टीम” का खिताब दिया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से “वंदे मातरम्” का गायन किया। इसके बाद सभी ने रात्रि भोज का आनंद लिया। आयोजन ने भारतीय संस्कृति, तीज की खुशियों और राष्ट्रप्रेम को एक साथ जोड़कर यादगार स्वरूप प्रदान किया।























































