वूमेन्स 10 मीटर एयर राइफल के क्वालिफिकेशन राउंड में रमिता ने 5वें स्थान पर रहते हुए फाइनल के लिए क्वालीफाई किया है, जबकि इलावेनिल वलारिवन का 10वें स्थान पर रहते हुए सफर समाप्त हो चुका है। इससे पहले मालदीव की बैडमिंटन खिलाड़ी फातिमथ नबाहा अब्दुल रज्जाक के खिलाफ उम्दा प्रदर्शन करते हुए भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु ने अपना पहला मुकाबला 2-0 से अपने नाम किया।
देशवासियों की निगाहें अब शूटर मनु भाकर और टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा पर हैं। आज भारतीय खिलाड़ी स्विमिंग, बॉक्सिंग जैसे मुकाबलों में भी अपना कमाल दिखाने के लिए उतरेंगे। आज सभी की नजर मनु भाकर पर है।
पेरिस ओलंपिक के पहले दिन भारत ने अच्छा प्रदर्शन किया था। मनु भाकर वूमेन्स 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट के फाइनल में पहुंचीं और बैडमिंटन में लक्ष्य सेन ने पहला मैच जीता। इसके अलावा, चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकी रेड्डी ने बैडमिंटन की मेंस डबल्स प्रतिस्पर्धा में जीत हासिल कर अगले दौर में प्रवेश किया। भारतीय हॉकी टीम ने न्यूजीलैंड को अपने पहले मैच में हराकर ओलंपिक में शानदार आगाज किया। हरमीत देसाई ने टेबल टेनिस में अपना पहला मैच जीता और बॉक्सिंग में प्रीति पवार ने 54 किग्रा भारवर्ग के अंतिम-16 में जगह बनाई है।















