मुजफ्फरनगर ,समाजवादी पार्टी के विधायक पंकज मलिक ने की मीरापुर विधानसभा क्षेत्र में गठबंधन प्रत्याशी सुम्बुल राणा के लिए वोट और समर्थन की अपील की। उन्होंने इससोपुर, मोर्ना, छछरौली और वजीराबाद जैसे कई गांवों में जनसंपर्क किया। इस दौरान, मलिक ने भाजपा सरकार की नीतियों पर निशाना साधते हुए कहा कि किसान, मजदूर और युवा सभी दुखी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है और किसानों, मजदूरों और महिलाओं के हितों के लिए कोई योजना नहीं है।
पंकज मलिक ने यह भी बताया कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सभी जातियों और वर्गों का सम्मान करते हैं और उनके हित के लिए कार्यरत हैं। उन्होंने अपील की कि मीरापुर से सुम्बुल राणा को विजयी बनाकर गठबंधन को मजबूत करना चाहिए। इस जनसंपर्क अभियान में समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी भी शामिल थे, जिनमें जिला महासचिव चौधरी विकिल गोल्डी अहलावत, युवजन सभा के जिला अध्यक्ष कपिल मलिक, चौधरी रविंदर प्रधान, मिंटू प्रधान, और अन्य शामिल थे।
















