उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में आज एक दर्दनाक हादसा हो गया। गौरीकुंड के पास एक निजी हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया, जिसमें सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में छह श्रद्धालु और एक पायलट शामिल है। हेलीकॉप्टर केदारनाथ से श्रद्धालुओं को लेकर लौट रहा था, तभी मौसम खराब होने और दृश्यता कम होने की आशंका के बीच यह दुर्घटना हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हेलीकॉप्टर में आग लगने के बाद वह तेजी से नीचे गिरा और कुछ ही पलों में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने शवों को मलबे से निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हादसे के कारणों की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय टीम गठित कर दी गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा शोक जताया है और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि हादसे की विस्तृत जांच कराई जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकी जा सकें। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर अब हेलीकॉप्टर सेवाओं की मानक प्रक्रिया की समीक्षा की जा रही है।















