भस्कर न्यूज़ उत्तर प्रदेश उत्तराखंड
मुज़फ्फरनगर ज़िला कारागार द्वारा गत वर्ष कारागार परिवार के अध्ययनरत बच्चों के लिए कैरियर काउंसलिंग गाइडेंस प्रोग्राम का आयोजन किया गया था। जेल अधीक्षक सीताराम शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित उक्त प्रोग्राम में नगर के जाने माने काउंसलर की टीम द्वारा कारागार परिवार के बच्चों को करियर सम्बन्धी महत्वपूर्ण जानकारी एवं टिप्स दिये गये थे।
इसी क्रम में कारागार परिवार के बच्चों द्वारा इस अवधि में अपनी पूरी लगन से परीक्षा दी गयी थी। परिणाम में अधिकांश बच्चों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इससे अभिभूत होकर जेल अधीक्षक सीताराम शर्मा द्वारा परिसर में ’’प्रतिभा सम्मान करियर गाइडेंस कार्यक्रम’’ का आयोजन किया गया। आज के कार्यक्रम में सर्वप्रथम माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ जेल अधीक्षक सीताराम शर्मा एवं अतिथियों द्वारा किया गया। इस अवसर पर बच्चों को सम्बोधित करते हुए काउंसलर समृद्धि त्यागी ने कहा कि मेरे द्वारा पहले भी कारागार परिवार के बच्चों की काउंसलिंग की गयी थी। उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बच्चों ने मात्र अपने माता पिता ही नहीं, बल्कि कारागार परिवार सहित हम सभी का नाम रोशन किया है। साथ ही बच्चों की काउंसलिंग करते हुए बताया कि हमें वही करियर चुनना चाहिए जिसमें हम तन-मन से जाने की इच्छा रखते है। माता-पिता को भी चाहिए कि वे बच्चों पर अपनी पसंद न थोपें। करियर का चयन जीवन में सबसे महत्वपूर्ण होता है, यदि आप अपने करियर को समझने में चूक कर जाते है, तो फिर जीवन भर आप भटकाव की राह पर आ जाते हैं। इसलिए सोच समझकर सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर ही हमें कोई निर्णय लेना चाहिए। जल्दबाजी न करें, बल्कि संयम एवं धैर्य के साथ जीवन के सही फैसले लें, ताकि जीवन भर आप आनन्दित रहकर अपने कैरियर के प्रति समर्पित रह सके। जेल अधीक्षक सीताराम शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि सभी बच्चे अनुशासन, उद्देश्य एवं लक्ष्य के साथ अपने करियर का सही चयन करे तथा किसी भी काम को पूरी मेहनत, लगन एवं निष्ठा के साथ अंजाम दें। अपने करियर को लेकर गंभीर रहें और जो भी चयन करें, फिर उसको हर हाल में बेहतर परर्फोमेंस के साथ पूरा करे। हौसला बुलंद रखें, मजिंल जरूर मिलेगी। सभी बच्चे आगे बढें, नाम कमाएं तथा अपने माता-पिता एवं कारागार परिवार का नाम रोशन करें। जेल अधीक्षक सीताराम शर्मा ने कारागार परिवार से विभिन्न परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों- रूद्रकान्त गर्ग, योगेश कुमार, उत्कर्ष कुमार, आदित्य सिंह, सुभाष चौहान, जतिन चौहान, पलक सागर, सादिका अंजुम व सादिया अंजुम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही लखनऊ में आयोजित वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता 2024 में कारागार का प्रतिनिधित्व कर दौड स्पर्धा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले श्री अहसान, जेल वार्डर तथा कारागार स्टाफ से 52 वर्ष की आयु में इण्टरमीडिएट परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले श्री शिवकुमार, हेड जेल वार्डर तथा कारागार से परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले दो बंदियों गौरव व विपुल को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में आये सभी अतिथियों को सहभागिता करने एवं कारागार परिवार के बच्चों को करियर सम्बन्धी महत्तवपूर्ण जानकारी देने पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया तथा सभी का आभार प्रकट किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जेलर राजेश कुमार सिंह, चिकित्साधिकारी डाॅ॰ परितोष मुदगल शर्मा, डिप्टी जेलर हेमराज सिंह, मेघा राजपूत, यशकेन्द्र यादव आदि मौजूद रहे।















