श्रावण मास प्रारंभ पर समाजसेवी मनीष चौधरी ने किया शिव जलाभिषेक, सुख-शांति की कामना

मुजफ्फरनगर।पवित्र श्रावण मास के शुभारंभ के अवसर पर नगर में आध्यात्मिक वातावरण का उल्लास देखने को मिला। राष्ट्रीय सामाजिक संस्था के अध्यक्ष और प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी ने गुरुवार प्रातः शिव चौक पहुंचकर भगवान आशुतोष का विधिवत जलाभिषेक किया। इस दौरान उन्होंने देशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए शिव की आराधना की।उन्होंने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की उपासना का सर्वोत्तम समय होता है और इस दौरान की गई प्रार्थनाएं विशेष फल देती हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह माह केवल धार्मिक कर्मकांड नहीं, बल्कि आत्मिक शुद्धि और सामाजिक सेवा के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।इस धार्मिक आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिन्होंने ‘हर-हर महादेव’ के गगनभेदी जयघोषों के साथ आयोजन में भाग लिया। पूरा शिव चौक क्षेत्र भक्ति और आस्था के रंग में रंगा नजर आया। जलाभिषेक के उपरांत मनीष चौधरी ने नागरिकों से अपील की कि श्रावण मास में उपवास, जलाभिषेक और सेवा कार्यों को अपनाकर वे समाज में आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मकता का विस्तार करें।उन्होंने विशेष रूप से कांवड़ यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह यात्रा श्रद्धा और समर्पण की प्रतीक है। जनपद से होकर गुजरने वाले करोड़ों शिवभक्तों की सेवा करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने सभी से अपील की कि वे कांवड़ियों को हर संभव सहायता प्रदान करें और पुण्य लाभ अर्जित करें।साथ ही उन्होंने कांवड़ियों से भी आग्रह किया कि वे छोटी-छोटी बातों को अनदेखा करते हुए प्रेम और शांति बनाए रखें तथा सुरक्षित तरीके से अपने गंतव्य तक पहुंचकर भगवान भोलेनाथ को जल अर्पित करें।इस अवसर पर नगर में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला, जो आने वाले पूरे श्रावण मास में समाज को प्रेरणा और ऊर्जा देता रहेगा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts