डीएम के आदेश पर महाराणा प्रताप चौक से पुलिस लाईन तिराहे तक हटाया गया अतिक्रमण

बांदा।  जिलाधिकारी के आदेश पर शहर के मुख्य मार्ग महाराणा प्रताप चौराहा से पुलिस लाइन तिराहा तक बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाने की कड़ी कार्रवाई की गई। उप जिलाधिकारी सदर नमन मेहता के नेतृत्व में नगर पालिका परिषद और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटवाया। कार्रवाई के दौरान दुकानदारों द्वारा फैलाए गए टीन-टप्पर, डिब्बे, गुमटियां और अस्थायी ठेले बुलडोजर से हटाए गए। मौके पर दो एम्बुलेंस मय चिकित्सक, एक फायर टैंकर, भारी पुलिस बल, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सुश्री मेविस टाक, शहर कोतवाल, महिला पुलिस टीम और पीएसी जवान भी तैनात रहे।
अभियान से एक दिन पहले शुक्रवार को नगर पालिका परिषद बांदा के मीटिंग हाल में उप जिलाधिकारी नमन मेहता और अधिशासी अधिकारी श्रीचंद ने स्थानीय व्यापारियों के साथ बैठक की थी। बैठक में बताया गया कि यह कार्रवाई शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू करने और मुख्य मार्ग को मॉडल जोन के रूप में विकसित करने के लिए है। उप जिलाधिकारी ने व्यापारियों से सहयोग की अपील की, व्यापारियों ने भी प्रशासन को पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया। अभियान के दौरान उप जिलाधिकारी ने अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी दी कि पुनः कब्जा करने पर कठोर कार्रवाई और जुर्माना लगाया जाएगा। अधिशासी अधिकारी श्रीचंद ने कहा कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। इस कार्रवाई में नायब तहसीलदार धनंजय सिंह, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल, थाना प्रभारी कोतवाली बांदा, नगर पालिका के सहायक अभियंता जगदीश प्रसाद, खाद्य एवं सफाई निरीक्षक हेमंत प्रसाद, राजस्व निरीक्षक रामजस सिंह, प्रधान लिपिक केदारनाथ, गौरव श्रीवास्तव, धीरेन्द्र, समीर सिंह, नवल किशोर सहित नगर पालिका के कर्मचारी मौजूद रहे। सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सड़क पर फैलाया गया सामान जब्त या नष्ट किया जाएगा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts