पोप फ्रांसिस के निधन पर भारत में गहरा शोक व्यक्त किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर शोक जताते हुए उन्हें मानवता, करुणा और सेवा का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि पोप फ्रांसिस ने शांति, सद्भाव और गरीबों की सेवा के लिए पूरी दुनिया में प्रेरणा दी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी उनके निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि पोप फ्रांसिस का जीवन प्रेम, सहिष्णुता और सामाजिक न्याय की भावना से प्रेरित रहा। कई अन्य नेताओं और धर्मगुरुओं ने भी श्रद्धांजलि दी और कहा कि उन्होंने धार्मिक सीमाओं से ऊपर उठकर मानवता की सेवा की। कैथोलिक समुदाय के लिए यह एक बहुत बड़ी क्षति है। भारत के चर्चों और मिशनरी संगठनों ने प्रार्थनाएं आयोजित कीं और उनके योगदान को याद किया। पोप फ्रांसिस की सरलता, करुणा और सच्चे नेतृत्व को हमेशा याद किया जाएगा।
उनकी आत्मा को ईश्वर की गोद में शांति मिले- PM
पीएम मोदी ने आगे लिखा, ‘छोटी उम्र से ही पोप फ्रांसिस प्रभु ईसा मसीह के आदर्शों को साकार करने के लिए खुद को समर्पित कर दिया था. उन्होंने गरीबों और वंचितों की लगन से सेवा की, जो लोग पीड़ित थे, उनके लिए उन्होंने आशा की भावना जगाई. मैं उनके साथ अपनी मुलाकातों को याद करता हूं और समावेशी और सर्वांगीण विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता से बहुत प्रेरित हुआ. भारत के लोगों के प्रति उनका स्नेह हमेशा संजोया जाएगा. उनकी आत्मा को ईश्वर की गोद में शांति मिले.’
वे वास्तव में एक उत्कृष्ट मानवतावादी थे- कांग्रेस
कांग्रेस अध्यक्ष की ओर से X पर पोप फ्रांसिस के निधन पर शोक संदेश जारी किया. इसमें लिखा है, ‘पोप फ्रांसिस के निधन से पूरा विश्व दुखी है, जिन्हें आने वाली पीढ़ियां बहुत महत्वपूर्ण व्यक्ति के रूप में देखेंगी. वे अंतर-धार्मिक समझ और जुड़ाव के लगातार समर्थक थे. वैश्विक शांति और सद्भाव के लिए भी एक बहुत प्रभावशाली शक्ति थे. वे वास्तव में एक प्रतिष्ठित व्यक्तित्व, एक उत्कृष्ट मानवतावादी थे, जिन्होंने अपने पीछे एक बहुत ही मूल्यवान विरासत छोड़ी है.’
वे दलितों के साथ खड़े रहे- राहुल गांधी
वहीं, कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, ‘करुणा, न्याय और शांति की वैश्विक आवाज पोप फ्रांसिस के निधन से बहुत दुखी हूं.वे दलितों और हाशिए पर पड़े लोगों के साथ खड़े रहे, असमानता के खिलाफ निडरता से बोले और प्रेम और मानवता के अपने संदेश से विभिन्न धर्मों के लाखों लोगों को प्रेरित किया. मेरी संवेदनाएं भारत और दुनिया भर के कैथोलिक समुदाय के साथ हैं.’
वे आध्यात्मिक शक्ति के सच्चे प्रतीक थे- केजरीवाल
वहीं, आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी एक्स पर शोक व्यक्त किया है. उन्होंने लिखा, ‘पोप फ्रांसिस के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए – जो विनम्रता और आध्यात्मिक शक्ति के सच्चे प्रतीक थे. इस अपार क्षति पर शोक व्यक्त करने वाले सभी लोगों के प्रति हार्दिक संवेदना.’















