सिरोही में “राजस्थान पुलिस दिवस” हर्षोल्लास से मनाया गया। जिला पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7:00 बजे पुलिस लाइन सिरोही में परेड से हुई, जिसका नेतृत्व निरीक्षक राजेश पांचाल ने किया। परेड में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, अन्य अधिकारी, पुलिसकर्मी एवं सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी मौजूद रहे। परेड के उपरांत जिला पुलिस अधीक्षक ने दो कर्मियों को सर्वोत्तम सेवा चिन्ह एवं 50 कर्मियों को उत्कृष्ट सेवा चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजयी छात्रों को भी पुरस्कार दिए गए। कार्यक्रम में उपस्थित सभी पुलिसकर्मियों एवं मेहमानों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने वृक्षारोपण कर राजस्थान पुलिस दिवस की शुभकामनाएं दीं। स्कूली बच्चों के लिए 100 मीटर दौड़ व एथलेटिक प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जबकि एसपी ऑफिस और पुलिस लाइन टीमों के बीच वॉलीबॉल मैच खेला गया। राजकीय बालिका विद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। महिला पुलिस थाना द्वारा रंगोली एवं मेहंदी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनके विजेताओं को सम्मानित किया गया। समारोह का समापन रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ।















