मुजफ्फरनगर में एआरपी (एकेडमिक रिसोर्स पर्सन) पद पर चयन के लिए ओएमआर शीट के माध्यम से लिखित परीक्षा का आयोजन सफलता पूर्वक किया गया। परीक्षा का आयोजन शासन के निर्देशानुसार जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन में पूर्वाह्न 11:30 बजे से अपराह्न 1:30 बजे तक जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, सर्कुलर रोड, मुजफ्फरनगर में हुआ। परीक्षा का संचालन हिंदी, गणित, अंग्रेजी, सामाजिक विषय एवं विज्ञान विषय के लिए किया गया। यह परीक्षा पूरी तरह से पारदर्शिता एवं सुचितापूर्ण ढंग से प्राचार्य, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की देखरेख में संपन्न हुई। कुल 66 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 50 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने परीक्षा में प्रतिभाग किया, जबकि 16 अनुपस्थित रहे। दोनों परीक्षा हॉल की वीडियोग्राफी भी कराई गई, जिससे परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित हो सके। इस परीक्षा का उद्देश्य जिले में शैक्षिक गुणवत्ता को बढ़ाने हेतु योग्य एआरपी का चयन करना है। अधिकारियों ने परीक्षा के संचालन पर संतोष व्यक्त किया और आगे भी इसी तरह की पारदर्शी प्रक्रिया अपनाने पर बल दिया।















