बेंगलुरु में ओला इलेक्ट्रिक कंपनी के एक इंजीनियर के. अरविंद ने आत्महत्या कर ली है। घटना से पूरे कॉर्पोरेट जगत में सनसनी फैल गई है। अरविंद ने 28 पन्नों का एक सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें कंपनी के मालिक भावेश अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों पर मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
सुसाइड नोट में अरविंद ने लिखा है कि कार्यस्थल पर लगातार दबाव, अपमान और असहनीय व्यवहार के कारण उन्होंने यह कदम उठाया। परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने भावेश अग्रवाल और अन्य अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस ने मृतक का सुसाइड नोट अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि अरविंद पिछले कुछ महीनों से अत्यधिक तनाव में थे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और कंपनी के अधिकारियों से पूछताछ की जा रही है। इस घटना के बाद कंपनी के कार्यसंस्कृति पर सवाल खड़े हो गए हैं।















