मुजफ्फरनगर। जनपद की पावन भूमि शुकतीर्थ में 11 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियों का जायजा लेने के लिए सोमवार को डीआईजी सहारनपुर अभिषेक सिंह और कमिश्नर अटल राय ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ डीएम उमेश मिश्रा और एसएसपी संजय वर्मा सहित जिले के कई वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री का आगमन संत शिरोमणि सतगुरु रविदास-सतगुरु समनदास मिशन (रजि०) द्वारा आयोजित कार्यक्रम में प्रस्तावित है। इसी को लेकर बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुविधाएं, स्वच्छता, हेलीपैड और जनसभा स्थल की तैयारियों की गहन समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ कमलकिशोर कंडारकर देशमुख, एडीएम वित्त गजेंद्र सिंह, एडीएम प्रशासन संजय सिंह, एसपी देहात आदित्य बंसल, एसपी ट्रैफिक अतुल चौबे सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
कमिश्नर और डीआईजी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व सभी व्यवस्थाएं समय पर, सुसंगठित और भव्य रूप से पूरी कर ली जाएं ताकि आमजन को कोई असुविधा न हो और कार्यक्रम गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हो।
निरीक्षण के दौरान सीएफओ अनुराग सिंह, एसडीएम जानसठ जयेंद्र कुमार, तहसीलदार श्रद्धा गुप्ता, ईओ, एलआईयू इंस्पेक्टर आकाश सक्सेना, इंटेलिजेंस टीम व डॉग स्क्वायड की टीमें भी मौजूद रहीं।















