मुजफ्फरनगर तहसील खतौली में मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत “पोषण पंचायत कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय सदस्य, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग सपना कश्यप ने की। इस अवसर पर महिलाओं, किशोरियों और आमजन को मिशन शक्ति अभियान, पोषण, स्वास्थ्य और डिजिटल सुरक्षा विषयों पर व्यापक रूप से जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने मोटापा जैसी स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान के लिए चीनी, नमक और तेल के सीमित उपयोग की सलाह दी। वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देने, प्रारंभिक बाल्यावस्था में देखभाल एवं शिक्षा, “शिक्षा पोषण भी, पढ़ाई भी” जैसे कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। शिशु एवं बाल आहार प्रथाओं में सुधार, पुरुष सहभागिता, तथा महिलाओं, किशोरियों और बच्चों पर केंद्रित जागरूकता अभियानों के आयोजन पर विशेष बल दिया गया।
साथ ही साइबर अपराधों से बचाव और साइबर सुरक्षा के महत्व पर भी विस्तृत जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को बताया गया कि अज्ञात लिंक, कॉल या मैसेज पर क्लिक न करें, किसी के साथ बैंक विवरण साझा न करें और किसी भी ऑनलाइन ठगी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। इस अवसर पर सभी उपस्थित जनों ने साइबर अपराध शपथ ली और संकल्प लिया कि वे स्वयं और अपने परिजनों को साइबर अपराधों से सतर्क रखेंगे तथा डिजिटल सुरक्षा के नियमों का पालन करेंगे।
कार्यक्रम में पुष्टाहार विभाग द्वारा कुपोषित महिलाओं और बच्चों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई और पोषण अभियान से संबंधित जागरूकता सामग्री का वितरण किया गया। अधिकारियों ने पोषण और साइबर सुरक्षा दोनों विषयों को समाज के प्रत्येक स्तर तक पहुँचाने के लिए सामुदायिक सहयोग की अपील की।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी खतौली राजकुमार, क्षेत्राधिकारी खतौली राम आशीष यादव, क्षेत्राधिकारी फुगाना रूपाली राव चौधरी, प्र0नि0 महिला थाना संगीता डागर, थाना प्रभारी खतौली दिनेश चन्द्र सहित पुलिस और प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित जनों ने स्वास्थ्य, पोषण और डिजिटल सुरक्षा के महत्व को समझा और जागरूकता के संदेश को अपने समुदाय तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कुल मिलाकर यह कार्यक्रम महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षा के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित हुआ।















