मुजफ्फरनगर के जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना उत्तर प्रदेश सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है। इस योजना के तहत बालिकाओं को 06 श्रेणियों में लाभान्वित करते हुए अधिकतम 25,000 रुपये की धनराशि प्रदान की जाएगी, जो पहले 15,000 रुपये थी। इस योजना का उद्देश्य कन्या भ्रूण हत्या को समाप्त करना, समान लैंगिक अनुपात स्थापित करना, बालविवाह की कुप्रथा को रोकना, बालिकाओं के स्वास्थ्य और शिक्षा को प्रोत्साहन देना, और बालिकाओं को स्वावलंबी बनाने में सहायता प्रदान करना है।
मुख्य लाभ की श्रेणियां इस प्रकार हैं:
1. बालिका के जन्म पर 5,000 रुपये
2. एक वर्ष के टीकाकरण के बाद 2,000 रुपये
3. कक्षा प्रथम में प्रवेश के बाद 3,000 रुपये
4. कक्षा 06 में प्रवेश के बाद 3,000 रुपये
5. कक्षा 09 में प्रवेश के बाद 5,000 रुपये
6. कक्षा 10वीं या 12वीं उत्तीर्ण करने के बाद 2 वर्षीय या अधिक अवधि के ITI/डिप्लोमा कोर्स या 3 वर्षीय स्नातक कोर्स में प्रवेश लेने पर 7,000 रुपये
पात्रता की शर्तें:
– परिवार उत्तर प्रदेश का स्थायी निवासी हो।
– पारिवारिक वार्षिक आय अधिकतम 3 लाख रुपये हो।
– योजना का लाभ अधिकतम दो बच्चियों को ही मिल सकेगा।
– किसी महिला के द्वितीय प्रसव में जुड़वा बच्चे होने पर तीसरी संतान के रूप में लड़की को भी लाभ मिलेगा।
योजना में आवेदन करने के लिए बालिका, बालिका की माता एवं पिता का आधार कार्ड, बैंक पास बुक, और बालिका का जन्म प्रमाण पत्र आवश्यक हैं। आवेदन https://mksy.up.gov.in/ पर ऑनलाइन किया जा सकता है या जन सेवा केन्द्र, कम्प्यूटर सेन्टर, विकास खण्ड/तहसील कार्यालय, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, आशा, या जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय के माध्यम से किया जा सकता है।
मुजफ्फरनगर में अब तक 24,889 बालिकाओं को इस योजना के तहत लाभान्वित किया जा चुका है।















