अयोध्या में नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। आरोपी सपा नेता मोईद खान द्वारा कब्जा की गई जमीन पर बनाई गई इमारत को चिन्हित कर नोटिस जारी किया गया है और इमारत पर बुलडोजर चलाने की तैयारी की जा रही है। इसके अलावा, पुलिस चौकी को खाली करवा दिया गया है और बैंक को स्थानांतरित करने के लिए नोटिस दिया गया है।
गैंगरेप पीड़िता को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ के केजीएमयू भेजा गया है, और उसकी हालत में सुधार हो रहा है। सीएमओ डॉ. संजय जैन ने बताया कि जिला महिला अस्पताल में सुविधाओं की कमी के कारण पीड़िता को लखनऊ भेजा गया है। बाल कल्याण समिति ने भी उसे बेहतर इलाज की आवश्यकता बताई है।
कब्जाई जमीन पर मकान बनाकर वसूल रहा था किराया
इस मामले में पुलिस आरोपी सपा नेता मोईद खान के खिलाफ कार्रवाई तो कर ही रही है, जिला प्रशासन ने भी आरोपी की संपत्तियों की जांच पूरी कर ली है. इसमें पाया गया है कि मोईद खान ने सार्वजनिक जमीन को घर कर दुकान और मकान बनाए हैं और इसे किराए पर देकर मोटा पैसा कमा रहा है. जांच के दौरान पाया गया कि आरोपी द्वारा भदरसा में अवैध रूप से निर्मित मकान में ही करीब 10 साल से पुलिस चौकी चल रही थी. करीब इतने ही वर्षों से पंजाब नेशनल बैंक की शाखा का भी संचालन हो रहा था. रिपोर्ट सामने आने के बाद एसएसपी अयोध्या राजकरण नैय्यर ने इस पुलिस चौकी को भरतकुंड में शिफ्ट करा दिया है. इसके बाद एसडीएम ने पीएनबी को नोटिस जारी करते हुए तत्काल बैंक की शाखा को कहीं और ले जाने को कहा है.
आरोपी के आधा दर्जन अन्य ठिकानों की हुई पहचान
इससे पहले रविवार को ही प्रशासन ने तालाब की जमीन पर बनी आरोपी सपा नेता मोईद खान की बेकरी पर बुलडोजर चलाया था. इसके बाद रविवार को ही एसडीएम सोहावल अशोक सैनी के नेतृत्व में राजस्व टीम ने आरोपी के मकान और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की पैमाइश की. इसी मकान में पुलिस चौकी और बैंक का संचालन हो रहा था. संभावना है कि प्रशासन मंगलवार को इन दोनों इमारतों पर भी बुलडोजर चलाएगा. इसी क्रम में प्रशासनिक टीम ने आरोपी के करीब आधा दर्जन अन्य ठिकानों की जानकारी निकाली है. फिलहाल इन ठिकानों की मल्कियत की पड़ताल कराई जा रही है.















