मुजफ्फरनगर। पुलिस लाइन में उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन (वामा सारथी) के तत्वावधान में “से नो टू प्लास्टिक” अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वामा सारथी अध्यक्ष डॉ. नीलम राय ने पुलिस लाइन परिसर में पौधारोपण कर किया। इसके बाद मौजूद अधिकारियों ने भी पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग छोड़कर पर्यावरण के अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की गई। अभियान की विशेष बात यह रही कि पुलिस परिवारों की महिलाओं द्वारा स्वयं तैयार किए गए कागज, जूट और कपड़े के थैलों का वितरण किया गया। इन थैलों के माध्यम से लोगों को प्लास्टिक के स्थान पर पुन: उपयोग किए जा सकने वाले विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत पुलिस लाइन सभागार में “से नो टू प्लास्टिक” विषय पर जागरूकता गोष्ठी भी आयोजित हुई, जिसमें प्लास्टिक प्रदूषण से पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि छोटे-छोटे प्रयासों से प्लास्टिक प्रदूषण को काफी हद तक कम किया जा सकता है। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और पुलिस परिवार के सदस्यों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने तथा दैनिक जीवन में पर्यावरण हितैषी वस्तुओं को अपनाने की शपथ भी दिलाई गई। पर्यावरण संरक्षण और इको-फ्रेंडली गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले इको चैम्प्स को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध एवं वामा सारथी नोडल इन्दु सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी जानसठ ऋषिका सिंह, क्षेत्राधिकारी खतौली रूपाली राय, पुलिस अधीक्षक यातायात की धर्मपत्नी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और पुलिस परिवार के सदस्य मौजूद रहे।















