मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की 57वीं बोर्ड बैठक प्राधिकरण सभागार में मण्डलायुक्त सहारनपुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर, शामली के जिलाधिकारी के प्रतिनिधि, उपाध्यक्ष व सचिव विकास प्राधिकरण, सहयुक्त नियोजक नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग मेरठ, नगरपालिका परिषद मुजफ्फरनगर के प्रतिनिधि, अपर निदेशक कोषागार एवं पेंशन सहारनपुर, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग और जल निगम सहित बोर्ड सदस्य व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत में पिछली यानी 56वीं बोर्ड बैठक के कार्यवृत्त की पुष्टि की गई। इसके बाद 57वीं बैठक में भारत सरकार की अमृत योजना के अंतर्गत शामली महायोजना-2031 (प्रारूप) के भाग (क) व भाग (ख) कैराना में परिचालन विधि से स्वीकृत प्रस्ताव को बोर्ड द्वारा औपचारिक रूप से अनुमोदित किया गया। इसके अलावा उत्तर प्रदेश विकास प्राधिकरण भवन निर्माण एवं विकास उपविधि-2025 तथा इससे संबंधित आदर्श जोनिंग रेगुलेशन-2025 को भी बैठक में अंगीकृत किया गया।
बैठक में मुजफ्फरनगर के ए टू ज़ेड रोड के चौड़ीकरण के प्रस्ताव पर विशेष चर्चा की गई। इसके अंतर्गत समयबद्ध ढंग से अतिक्रमण हटाने, अवैध निर्माणों पर सख्ती से कार्रवाई करने तथा आवश्यक भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। यह निर्णय शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
इसके अतिरिक्त, मुजफ्फरनगर महायोजना-2031 के अंतर्गत जोनल प्लान की आरएफपी तैयार कर, शासनादेशों के अनुरूप निविदा प्रक्रिया के माध्यम से योग्य कंसल्टेंट के चयन के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई। इससे शहर के सुनियोजित विकास की दिशा में अहम प्रगति होने की उम्मीद है। बोर्ड बैठक में लिए गए इन निर्णयों को शहरी विकास की दिशा में ठोस पहल माना जा रहा है।
















