मुजफ्फरनगर। थाना सिविल लाइन क्षेत्र में बामनहेड़ी रेलवे स्टेशन के पास 11 और 12 अगस्त की दरमियानी रात पुलिस और गोहत्या के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपियों की ओर से की गई फायरिंग में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से गोवंश वध से संबंधित सामान और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा के अनुसार, रात में पुलिस टीम को बामनहेड़ी के जंगल क्षेत्र में कुछ संदिग्ध लोगों के मौजूद होने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो जंगल में कुछ लोग गोवंश को लेकर संदिग्ध गतिविधि करते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने और पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि पुलिसकर्मी सुरक्षित रहे।
इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग करते हुए घेराबंदी की और मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच करते हुए गोवंश वध से जुड़े सामान को कब्जे में लिया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों और पूर्व में की गई घटनाओं के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में गोहत्या और पशु तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में पुलिस गश्त और निगरानी भी बढ़ा दी गई है।























































