राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत इस महीने के अंत में कनाडा और अमेरिका समेत 3 देशों के दौरे पर होंगे. अपनी इस यात्रा के दौरान भागवत 29 अगस्त को न्यूयॉर्क सिटी में अमेरिका में भारतीय-अमेरिकी समुदाय के सदस्यों को संबोधित करेंगे. यह कार्यक्रम संघ के शताब्दी वर्ष में चलाए जा रहे वैश्विक संपर्क अभियान का हिस्सा है. भागवत की यह विदेश यात्रा 25 अगस्त से शुरू होगी और इस दौराव वह अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन के दौरे पर रहेंगे.भागवत न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशंस (Universal Oneness Celebrations) नाम के कार्यक्रम को संबोधित करेंगे. इसका कार्यक्रम का आयोजन अमेरिकन हिंदूस फॉर इंगेजमेंट एंड डायलॉग (American Hindus for Engagement and Dialogue, AHEAD) फोरम कर रहा है, जिससे देशभर के सैकड़ों सांस्कृतिक, आध्यात्मिक, सेवा, धार्मिक और सामुदायिक संगठनों जुड़े हुए हैं.
एकता और वैश्विक सद्भाव का संदेश देने की कोशिश
इस कार्यक्रम को अमेरिका में अब तक आयोजित हिंदू समाज के सबसे बड़े और सबसे विविध जमावड़ों में से एक आयोजन माना जा रहा है. यह कार्यक्रम रक्षा बंधन के हिंदू त्योहार का जश्न मनाते हुए एकता, नागरिक जिम्मेदारी और वैश्विक सद्भाव का समकालीन संदेश देगा.कार्यक्रम में धर्म से जुड़े कई जाने-माने वक्ता होंगे. कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत शामिल होंगे. इस कार्यक्रम में 5 हजार से अधिक भारतीय-अमेरिकियों के शामिल होने की उम्मीद है. साथ ही कई तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे जो दिन की थीम के अनुरूप ही होंगे.
विविधतापूर्ण समुदाय की एकजुटता का परिचय
‘AHEAD फोरम’ की अदिति बनर्जी ने एक बयान में कहा, “यह कार्यक्रम रक्षा बंधन के हिंदू त्योहार का जश्न मनाता है और साथ ही एकता, नागरिक जिम्मेदारी और वैश्विक सद्भाव का समकालीन संदेश भी देता है.” उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में अलग-अलग धर्मों और आस्थाओं से जुड़े वक्ता भी शामिल होंगे.अदिति बनर्जी ने कहा, “अलग-अलग भाषायी, क्षेत्रीय, सांस्कृतिक और संगठनात्मक बैकग्राउंड वाले लोगों को एक साथ लाकर, यह समारोह दिखाता है कि कैसे एक विविधतापूर्ण समुदाय अपनी विविधता को बनाए रखते हुए साझा मूल्यों के लिए एकजुट हो सकता है.”
‘AHEAD फोरम’ अमेरिका के पूर्वोत्तर और मिड-अटलांटिक राज्यों से आने वाले लोगों के लिए ट्रांसर्पोटेशन की भी व्यवस्था कर रहा है. कार्यक्रम में शामिल होने वाले प्रतिभागियों में हिंदू समुदाय के नेता, बिजनेसमैन, पेशेवर, चुने हुए अधिकारी, युवा, धार्मिक नेता और स्वयंसेवक भी शामिल होंगे. मंदिरों, योग संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, सेवा संगठनों, भाषायी और क्षेत्रीय संघों, सांस्कृतिक समूहों तथा अंतर-धार्मिक समुदायों से प्रतिनिधिमंडलों के भी आने की उम्मीद है.
न्यूयॉर्क में 2 निजी कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे भागवत
कनाडा जाने से पहले भागवत के न्यूयॉर्क में कम से कम 2 निजी कार्यक्रमों को संबोधित करने का भी कार्यक्रम है. भागवत ने इससे पहले 2018 में अमेरिका का दौरा किया था. तब वह शिकागो में ‘वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस’ में हिस्सा लेने के लिए अमेरिका के दौरे पर गए थे.इस साल अप्रैल में, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के महासचिव दत्तात्रेय होसबोले ने संगठन की शताब्दी समारोहों के दौरान वैश्विक स्तर पर पहुंच बढ़ाने की कोशिशों के तहत अमेरिका, ब्रिटेन और जर्मनी का दौरा किया था. होसबोले ने संगठन के लक्ष्यों और उद्देश्यों पर सीधी बातचीत करने और संगठन के बारे में गलतफहमियों को दूर करने की कोशिश के तहत बुद्धिजीवियों, शिक्षाविदों और नीति-निर्माताओं के साथ लंबी बातचीत की थी.























































