नई दिल्ली में एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान भारत-यूएई रणनीतिक साझेदारी को नई रफ्तार,

नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के मौके पर संयुक्त अरब अमीरात के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर भारत-यूएई संबंधों को नई दिशा देने पर विस्तृत चर्चा की। 18-19 फरवरी के भारत दौरे पर आए क्राउन प्रिंस ने समिट में भाग लेने के साथ-साथ द्विपक्षीय बैठक में तकनीक, निवेश और रणनीतिक सहयोग को और तेज करने पर जोर दिया। बैठक में स्पष्ट संकेत मिला कि अब दोनों देशों के रिश्तों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और एडवांस टेक्नोलॉजी प्रमुख स्तंभ बनकर उभर रहे हैं।

चर्चा के दौरान यूएई के सॉवरेन वेल्थ फंड्स द्वारा भारत में निवेश बढ़ाने, नई फंड इकाइयों की संभावनाओं और रणनीतिक क्षेत्रों में संयुक्त निवेश पर विचार-विमर्श हुआ। अंतरिक्ष, परमाणु ऊर्जा, प्रौद्योगिकी और नवाचार जैसे क्षेत्रों में सहयोग के विस्तार पर भी सहमति बनी। स्वास्थ्य क्षेत्र में साझेदारी को मजबूती देते हुए स्वास्थ्य और चिकित्सा सहयोग पर समझौता ज्ञापन को अंतिम रूप दिया गया, जिससे रिसर्च, डिजिटल हेल्थ और फार्मा सेक्टर में संयुक्त कार्य को बढ़ावा मिलेगा।

दौरे के दौरान तकनीकी क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत सी-डैक, जी42 और मोहम्मद बिन जायद यूनिवर्सिटी ऑफ एआई के साथ भारत में सुपरकंप्यूटर क्लस्टर तैनात करने की प्रक्रिया आगे बढ़ी। यह क्लस्टर एआई इंडिया मिशन के तहत सार्वजनिक और निजी क्षेत्र में रिसर्च और एप्लिकेशन डेवलपमेंट के लिए उपयोग किया जाएगा, जिससे भारत की एआई क्षमता को नई मजबूती मिलेगी।

वित्तीय सहयोग के मोर्चे पर गुजरात के गिफ्ट सिटी में अबू धाबी नेशनल इंश्योरेंस कंपनी का कार्यालय खोलने की पहल का स्वागत किया गया, जिससे दोनों देशों के बीच वित्तीय कनेक्ट और निवेश प्रवाह को बल मिलेगा। क्राउन प्रिंस ने एआई इम्पैक्ट समिट की सफलता पर प्रधानमंत्री को बधाई दी, वहीं भारत ने भविष्य में स्विट्जरलैंड और उसके बाद यूएई द्वारा एआई समिट की मेजबानी की पहल का समर्थन किया। यह दौरा केवल औपचारिकता नहीं बल्कि तकनीक आधारित रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाई देने की ठोस पहल के रूप में देखा जा रहा है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts