प्राथमिक अस्पताल कुशालगढ़ के लिए नया भवन जरूरी

मालाखेड़ा। पहाड़ी और ग्रामीण क्षेत्र में चिकित्सा सेवा की व्यवस्था कमजोर पड़ती नजर आ रही है। प्राथमिक अस्पताल कुशालगढ़ का संचालन उप स्वास्थ्य केंद्र के जर्जर भवन में हो रहा है, जिससे 25 गांवों की 16,000 से अधिक जनसंख्या प्रभावित हो रही है।

अस्पताल के आउटडोर में चिकित्सकों के लिए बना कक्ष जर्जर और क्षतिग्रस्त है। इसी कक्ष में कंप्यूटर ऑपरेटर और लैब टेक्नीशियन भी बैठते हैं, जिससे कार्य संचालन में दिक्कतें आ रही हैं।

रोगी भर्ती वार्ड में सुविधाओं का अभाव
अस्पताल भवन में रोगी भर्ती वार्ड सुरक्षित नहीं है, जहां बेड भी नहीं रखे जा सकते। चिकित्सा उपकरणों की कमी के कारण गर्भवती महिलाओं, प्रसव पीड़िताओं और गंभीर मरीजों को भर्ती करना संभव नहीं है। इस कारण मरीजों को 28 किलोमीटर दूर अलवर रेफर करना पड़ता है। अकबरपुर भी 15 किलोमीटर दूर है, जहां रात्रिकालीन प्रसव सुविधा उपलब्ध नहीं है।

नया भवन जरूरी
खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी लोकेश मीणा ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का संचालन उप स्वास्थ्य केंद्र के पुराने भवन में हो रहा है, जो सुरक्षित नहीं है। यह 25 गांवों के परिक्षेत्र का एकमात्र अस्पताल है, जिससे स्थानीय लोगों को अलवर जाने की मजबूरी बनी हुई है।

अस्पताल प्रभारी डॉक्टर अक्षिता ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्र में रहने वाले लोगों के उपचार और भर्ती के लिए भवन की कमी एक बड़ी समस्या है। पुराने भवन की स्थिति खराब है और छत से प्लास्टर व चुना गिरता है।

विधायक ने उठाई मांग
नेता प्रतिपक्ष और विधायक टीकाराम जूली ने कहा कि पशुपालकों, किसानों और बाबा भरतरी मेले को ध्यान में रखते हुए इस अस्पताल की स्वीकृति मिली थी। राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य योजना के तहत 185 लाख रुपये का बजट स्वीकृत है, लेकिन सरकार के दावे फेल होते नजर आ रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री, केंद्रीय वन मंत्री और चिकित्सा मंत्री को पत्र लिखकर नए भवन के निर्माण की मांग करने की बात कही।

राजस्व रिकॉर्ड में अस्पताल के लिए भूमि दर्ज
मालाखेड़ा तहसीलदार मेघा मीणा ने बताया कि पटवार मंडल माधोगढ़ के कुशालगढ़ गांव में खसरा नंबर 453/636 की 0.2800 हेक्टेयर भूमि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नाम राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज है।

स्थानीय लोगों की मांग
सरपंच सुशीला सैनी ने कहा कि अस्पताल का नया भवन बनना बेहद जरूरी है। मजदूर, किसान और पशुपालकों को इलाज के लिए अकबरपुर जाना पड़ता है, जिससे उनका समय और पैसा बर्बाद होता है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts