मुजफ्फरनगर में स्थापित होगा नया बायो इनपुट रिसोर्स सेंटर, 12 जुलाई तक आमंत्रित किए गए आवेदन

मुजफ्फरनगर। जनपद में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और किसानों को स्थानीय स्तर पर जैविक कृषि संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन (एनएमएनएफ) योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में एक नए बायो इनपुट रिसोर्स सेंटर (बीआरसी) की स्थापना की जाएगी। उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही ने बताया कि भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार प्राप्त कार्ययोजना के तहत जिले में एक बीआरसी का चयन किया जाना है, जिसके लिए एफपीओ, उद्यमी समूहों तथा अन्य पात्र संस्थाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती को सफलतापूर्वक अपनाने के लिए पशु एवं पौधों पर आधारित जैविक इनपुट की उपलब्धता बेहद आवश्यक है। इसी उद्देश्य से एनएमएनएफ क्लस्टरों में प्राकृतिक खेती से संबंधित बायो इनपुट के स्थानीय उत्पादन और आपूर्ति को मजबूत बनाने के लिए उद्यम मॉडल पर आधारित बीआरसी स्थापित किया जाएगा। यह केंद्र किसानों को घनजीवामृत, जीवामृत, बीजामृत, दशपर्णी सहित अन्य प्राकृतिक कृषि मिश्रण तैयार कर उपलब्ध कराने का कार्य करेगा।

चयन के लिए निर्धारित मानकों के अनुसार इच्छुक संस्था या उद्यमी को अपने केंद्र पर आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित करनी होंगी। इनमें जैविक मिश्रणों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए स्टोरेज कैन, टैंक, रैक, रेफ्रिजरेटर, गोमूत्र संग्रहण की व्यवस्था, किंडवन चेंबर तथा बड़े स्तर पर भंडारण की सुविधा शामिल है। इसके अतिरिक्त संस्था या उसके सदस्यों को प्राकृतिक खेती का अनुभव होना चाहिए अथवा वे स्वयं प्राकृतिक खेती से जुड़े किसान होने चाहिए।

बीआरसी के रूप में चयनित संस्था केवल जैविक उत्पाद तैयार करने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि क्लस्टर के किसानों और प्राकृतिक खेती अपनाने के इच्छुक कृषकों को इन जैविक मिश्रणों के उपयोग, निर्माण और प्रबंधन संबंधी तकनीकी सहयोग भी प्रदान करेगी। इससे किसानों को रासायनिक खेती पर निर्भरता कम करने, उत्पादन लागत घटाने और पर्यावरण अनुकूल कृषि पद्धतियों को अपनाने में सहायता मिलेगी।

उप कृषि निदेशक ने जिले के सभी एफपीओ, उद्यमियों और पात्र संस्थाओं से अपील की है कि वे निर्धारित चयन मानदंडों के अनुसार अपना आवेदन 12 जुलाई 2026 तक किसी भी कार्यदिवस में उप कृषि निदेशक कार्यालय, मुजफ्फरनगर में जमा करें। समय पर आवेदन करने वाले पात्र आवेदकों का चयन राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन योजना के अंतर्गत बायो इनपुट रिसोर्स सेंटर के रूप में किया जाएगा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts