खतौली के टबीटा रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर बन रहे ओवरब्रिज के निर्माण कार्य के दौरान शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया। निर्माण कार्य में लगे मजदूर प्रदीप, जो गांव फलावदा का निवासी है, पुल की ऊंचाई से नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत मुज़फ्फरनगर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार निर्माण स्थल पर सुरक्षा के कोई भी उपकरण, जैसे सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट या सुरक्षा जाल, मौजूद नहीं थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कार्य पूरी तरह से सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए किया जा रहा है। गांव मडकरीमपुर के निवासी आशू ने बताया कि यह पुल बड़का, टिटोडा मोचड़ी और मडकरीमपुर जैसे गांवों को जोड़ता है, जहां लोगों की आवाजाही हमेशा बनी रहती है, लेकिन न तो मजदूरों को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं और न ही उन्हें किसी प्रकार का प्रशिक्षण दिया गया है। स्थानीय युवक गौरव कुमार ने बताया कि बारिश के दौरान रास्ता कीचड़ से भर जाता है, जिससे फिसलन हो जाती है, और मजदूरों की जान खतरे में पड़ जाती है। हादसे के बाद भी किसी अधिकारी के मौके पर न पहुंचने पर लोगों में आक्रोश है। लोगों ने निर्माण एजेंसी और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मांग की है कि सेफ्टी नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाए और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।















